बिना सुरक्षा के मजदूरी कराने का खेल, सिहोरा में मजदूर की आंख में चोट
सिहोरा में निर्माण कार्य के दौरान लोहे का टुकड़ा आंख में घुसा

सिहोरा में निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम कर रहे एक मजदूर के साथ बड़ा हादसा हुआ है। मऊरानीपुर निवासी नरेश चौधरी के लिए काम कर रहे मजदूर सोहिल की आंख में लोहे का छोटा टुकड़ा घुस गया, जब वह सरिया काट रहा था। यह घटना सप्ताह भर पहले की है, जब सोहिल निवासी कटनी और उसके साथी संजू ठाकुर निवासी कन्हवारा सिहोरा स्टेशन के पास रेलवे किनारे निर्माण कार्य में लगे हुए थे।
सोहिल को गंभीर चोट लगने के बाद उसके साथी उसे जिला चिकित्सालय कटनी ले गए, जहां ऑपरेशन के बाद आंख से लोहे का टुकड़ा निकाला गया। हालांकि, सोहिल अभी भी इलाज के तहत हैं।
मजदूर ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार ने उसके इलाज में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई और न ही वह अब तक उसे देखने आया है। मजदूर का यह भी आरोप है कि ठेकेदार बिना सुरक्षा उपकरण के ही मजदूरों से काम करवा रहा था, जिससे यह हादसा हुआ।
मजदूर ने उच्चाधिकारियों से ठेकेदार और पेटी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई की जा रही है।




