कटनी में आबकारी विभाग की हठधर्मिता से आबाद है अवैध अहाता
बेधड़क शहर मे मेन रोड किनारे सजी है चखना की दुकानें

कटनी शहर में मेन रोड किनारे सरकारी शराब दुकानों के बाजू से खुलेआम संचालित है चखना की दुकानें। मेन बस स्टैंड कटनी में चखना सेंटर पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर चल रहा है, वहीं पुरैनी शराब दुकान के 100 मीटर दूरी पर भी अवैध अहाता संचालित है। बरगंवा में भी बड़ी सी चखना दुकान सजाकर बकायदे शराबियों को बैठाकर शराब खोरी करवाई जा रही है ।
*आबकारी विभाग की अनदेखी*

विगत दिनों कटनी की जागरूक मीडिया ने बस स्टेंड स्थित अवैध अहाता की खबर प्रकाशित की, जिसके बाद दिखावे के लिए आबकारी विभाग ने उसे कुछ घंटों के लिए बंद करवा दिया, लेकिन फिर से संचालक ने अहाता खोल सरकारी निर्देशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
*दुर्दशा का सामना कर रहे स्थानीय लोग*

दारू खोरी के कारण स्थानीय लोगों का जीवन नरक बना हुआ है, आए दिन विवाद हो रहे हैं, महिलाओं और बच्चियों को इन अहाता सेंटरों के सामने से निकलना दूभर हो गया है। सूत्र बताते हैं कि इन चखना संचालकों की प्रशासन के कुछ अधिकारी कर्मचारियों से मिलीभगत का नतीजा ही इनका खुलेआम संचालन होना है।
खैर अब देखना यह है कि आबकारी विभाग की जिला अधिकारी महोदया इन खबरों के प्रकाशन के बाद चखनों सेंटरों पर कठोर कार्यवाही करवाती है या पुनः खानापूर्ति कर शहर में आबाद रहेंगे अवैध अहाते।




