कटनी पुलिस ने जिलेभर में बैंक/एटीएम की गहन चेकिंग की
बैंकिंग/साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए पुलिस अलर्ट

सुरक्षित बैंकिंग के लिए कटनी पुलिस अलर्ट, जिलेभर में बैंक/एटीएम की गहन चेकिंग*
जिले में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा अपराध एवं बैंकिंग/साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में कटनी पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न बैंकों में सघन सुरक्षा जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों का व्यापक निरीक्षण किया। इसमें मुख्य प्रवेश द्वार, एटीएम, काउंटर परिसर तथा पार्किंग स्थल का भौतिक परीक्षण किया गया। जांच के दौरान बैंक प्रबंधन को सुरक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिनमें सीसीटीवी कैमरों की नियमित मॉनिटरिंग, अलार्म सिस्टम की सुचारु कार्यप्रणाली सुनिश्चित करना तथा सुरक्षा गार्डों की सतर्क तैनाती प्रमुख रूप से शामिल है।

कटनी पुलिस द्वारा बैंक में उपस्थित ग्राहकों को भी लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई। उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा साइबर एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।
कटनी पुलिस द्वारा यह अभियान आमजन की सुरक्षा, सुरक्षित एवं सहज बैंकिंग व्यवस्था तथा अपराध मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निरंतर रूप से चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन सभी नागरिकों से सहयोग, सतर्कता एवं जागरूकता बनाए रखने की अपील करता है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।




