90 लाख की स्वीकृत राशि से मेले में ट्रांसफार्मर लगवाना था, लेकिन लोकार्पण के बाद भूल गया प्रशासन
कन्हवारा मेले में अव्यवस्था, ट्रांसफार्मर की कमी से झूलों का संचालन रुका

कन्हवारा मेले में अव्यवस्था हावी, प्रशासन बना मूकदर्शक
कटनी जिले के ग्राम पंचायत कन्हवारा में महाशिवरात्रि से भरने वाले पंद्रह दिवसीय मेले में अव्यवस्था चरम पर है। विद्युत सप्लाई की कमी के कारण झूलों के संचालन में समस्या आ रही है, जिससे दुकानदारों और मेले में आने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कटनी विधायक संदीप जायसवाल के लगातार प्रयासों से नब्बे लाख से अधिक की लागत से नवीन मेला प्रांगण का निर्माण कराया गया है, जो आधा अधूरा ही है परंतु लोकार्पण हो गया। और मेला भी उक्त प्रांगण में लगते दूसरा साल बीतने को है फिर भी जिम्मेदारों ने विद्युत व्यवस्था की पुख्ता व्यवस्था नहीं की। मैन पावर और ट्रांसफॉर्मर की कमी के कारण मेले का संचालन प्रभावित हो रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार 90 लाख की स्वीकृत राशि से ही मेले में ट्रांसफार्मर लगवाना था, किंतु लोकार्पण तो हो गया लेकिन व्यवस्था नहीं की गई। इससे मेले की शान झूलों का कार्य भी अवरुद्ध हो रहा है, जिससे बच्चे मायूस होकर वापस लौट रहे हैं।

प्रशासन की मूकदर्शकता के कारण मेले में अव्यवस्था हावी हो गई है। दुकानदारों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन से विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग की है, लेकिन सप्ताह भर से ऊपर हो गए लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
तत्काल ही प्रशासन और स्थानीय विधायक सहित जनप्रतिनिधि जनों को चाहिए कि वे इस गंभीर समस्या से निजात दिलाए ताकि कन्हवारा मेले में दूर दराज से मेले में आए लोगों, और झूला व्यापारी जनों को भी मायूस न होने पड़े




