कटनी के निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत भारी अनियमितताएं, सरकार को चूना लगा रहे हैं अस्पताल
निजी अस्पतालों में नहीं है भोजन, स्टाफ और प्रचार प्रसार सामग्री

कटनी के निजी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत भारी अनियमितताएं, सरकार को चूना लगा रहे हैं अस्पताल
कटनी जिले में आयुष्मान योजना के तहत अटैचड निजी अस्पतालों में भारी अनियमितताएं सामने आ रही हैं। इन अस्पतालों में मरीजों को निर्धारित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, भोजन की व्यवस्था नहीं है, स्टाफ की कमी है, और सबसे बड़ी बात प्रचार प्रसार सामग्री का अभाव है। जिससे कि गरीब मरीज फ्री इलाज से वंचित हो रहे हैं और अस्पताल पैसे भी ले रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि आयुष्मान कार्ड का भी गलत इस्तेमाल हो रहा है।

राज्य स्वास्थ्य एजेंसी की निरीक्षण की कमी के कारण ये अनियमितताएं जारी हैं। अगर जिले के अस्पतालों में औचक निरीक्षण हो जाए तो इन अस्पतालों में भारी अनियमितताएं और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने पर्दाफाश हो जाएगा। और जिले में गरीबों से चल रही लूट खसोट, घोटाला उजागर होगा।

गौरतलब है कि आयुष्मान भारत ‘निरामयम’ योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का मध्य प्रदेश में क्रियान्वयन है। यह योजना राज्य के पात्र निम्न-आय परिवारों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपए तक मुफ्त स्वास्थ्य कवरेज प्रदान करती है और इसमें द्वितीयक और तृतीयक देखभाल शामिल है। योजना विशेष रूप से गरीबी रेखा के नीचे परिवार, संबल योजना लाभार्थी और कुछ मामलों में निर्माण श्रमिकों को कवर करती है।




