कटनी में सैकड़ों करोड़ के हवाला कारोबार का शक, गरीबों के खातों का हो रहा इस्तेमाल
कटनी में हवाला माफिया सक्रिय: बैंक कर्मियों पर भी आरोप

हवाला कारोबार का बड़ा खुलासा: ग्रामीणों के खातों से करोड़ों के लेनदेन की तैयारी , बैंक कर्मियों की भूमिका संदिग्ध
कटनी में सैकड़ों करोड़ रुपये के हवाला कारोबार का शक जताया जा रहा है। माफिया ने ग्रामीणों और शहरी क्षेत्रों के मासूम गरीब नागरिकों के खाते खुलवाकर फर्जी फर्में बनाकर करोड़ों रुपये का लेनदेन करने की तैयारी कर ली है। पीड़ितों ने बताया कि सौरभ नामक व्यक्ति ने उन्हें दस हजार लोन दिलाने के नाम से आधार कार्ड, पेन कार्ड मंगवाया और पंजाब नेशनल बैंक से लेकर इंडियन ओवरसीज बैंक में खाता खुलवाया।

पीड़ितों का आरोप है कि उनके नाम से सिम निकलवाई गई, पासबुक, चेक बुक और एटीएम कार्ड भी उन्हें नहीं दिए गए। जब उन्होंने लोन के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि प्रक्रिया चल रही है, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बावजूद उन्हें कोई लोन नहीं मिला। तब उन्हें शक हुआ और उन्होंने मीडिया का सहारा लिया।


जानकारी अनुसार इस मामले में बैंक कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है, क्योंकि खाता खुलवाने में ज्यादा समय नहीं लगा। एक पीड़ित ने बताया कि उन्हें सिर्फ एक दिन में ही खाता खोलने का मैसेज आ गया था, जबकि आमतौर पर खाता खोलने में कई दिन लगते हैं।

सूत्रों की मानें तो इस खाता खुलवाने के एवज में दलाल को प्रति व्यक्ति खाता खुलवाने के 25 हजार मिलते है। जिसके लालच में ये दलाल गरीब मजदूरों को अपना निशाना बनाते है।

ग्रामीण, मजदूरों का आरोप है कि माफिया ने उनके खातों में करोड़ों रुपये का लेनदेन किए जाने की आशंका है, जिससे उन्हें कोई भी लेना देना नहीं है। उन्होंने बताया कि उनके खातों से पैसे निकालने के लिए चेक बुक का इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस मामले में जिला प्रशासन को चाहिए कि इस मामले के अविलंब जांच के आदेश दिए जाए साथ ही राज्यकर विभाग से भी सहयोग लिया जाए। ताकि इस मामले से पर्दा उठ सकें।




