पालकों में दहशत: सुबह-सुबह सामान की तरह ठूंसे जा रहे नौनिहाल, महिला अटेंडेंट तक नहीं

विजयराघवगढ़ में बच्चे की मौत से भी नहीं जागे जिम्मेदार, कन्हवारा में ओवरलोडेड स्कूल वैन में ठूंस-ठूंस कर जा रहे नौनिहाल
कटनी/कन्हवारा। तहसील कटनी के ग्राम कन्हवारा में संचालित निजी स्कूल ग्लोबल वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के वाहनों में रोजाना बच्चों और बच्चियों की सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ हो रहा है। सरकारी नियमों को ताक पर रखकर ये वाहन सड़कों पर बेखौफ फर्राटा भर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।
नियमों की उड़ रही धज्जियां:
प्राप्त जानकारी के अनुसार इन स्कूल वाहनों में न तो स्पीड गवर्नर लगा है, न ही फिटनेस है, न ही अनुभवी ड्राइवर, न ही महिला अटेंडेंट। क्षमता से दोगुने-तिगुने बच्चे ऑटो और वैन में ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे हैं। खिड़कियों में जाली तक नहीं, फर्स्ट एड बॉक्स तो दूर की बात है।
विजयराघवगढ़ में हुई मौत के बाद भी नहीं चेते:
बताया जा रहा है कि अभी विगत दिनों ही विजयराघवगढ़ में एक निजी स्कूल के वाहन से गिरकर एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद आरटीओ और पुलिस ने खानापूर्ति के लिए 2-4 वाहनों पर दिखावे की चालानी कार्रवाई की और फिर पलायन कर गए।
कन्हवारा सहित कई स्कूल बेलगाम:
सूत्रों की मानें तो कन्हवारा और आसपास के कई निजी स्कूलों में यही हाल है। बिना परमिट, बिना बीमा के खटारा वाहन बच्चों को ढो रहे हैं। पालक मोटी फीस देने के बाद भी अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
बड़ा सवाल:
– क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है प्रशासन?
– विजयराघवगढ़ जैसी घटना की पुनरावृत्ति होगी तब जागेगा आरटीओ विभाग?
– ग्लोबल वर्ल्ड पब्लिक स्कूल को किसका संरक्षण प्राप्त है?
निडर आवाज मांग करता है कि जिला कलेक्टर और आरटीओ कटनी तत्काल कन्हवारा क्षेत्र के स्कूल वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाएं और दोषी स्कूल संचालक पर FIR दर्ज करें।




