क्राइममध्य प्रदेश

BREAKING कटनी – अहमद नगर में चाय की दुकान पर खूनी खेल, सिर और आंख पर चाकू मारा, महिला चौकी प्रभारी नेहा मौर्य ने घेराबंदी कर पकड़ा

चाका के तीन भाईयों ने की गुंडागर्दी: लक्की, अभिषेक और डंका गिरफ्तार, चाकू बरामद

पुरानी रंजिश के चलते युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार ,बस स्टेण्ड चौकी पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपियों को दबोचा

 

मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद, एक आरोपी फरार

कटनी. पुलिस अधीक्षक महोदय श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने एवं गंभीर घटनाओं में त्वरित कार्रवाई करने हेतु लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में दिनांक 09.09.2026 को अहमद नगर निवासी समीर अंसारी पिता साबिर अंसारी, उम्र 26 वर्ष द्वारा थाना कोतवाली कटनी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि रात्रि करीब 09:30 बजे वह अहमद नगर मोड़ के पास स्थित चाय की दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान महेन्द्र चौधरी, अभिषेक चौधरी, डंका चौधरी एवं तनवीर खान वहां पहुंचे और शाम के समय हुए विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगे।

फरियादी द्वारा गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसे जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट करने लगे। फरियादी द्वारा वहां से भागने का प्रयास करने पर आरोपी महेन्द्र चौधरी ने जेब से चाकू निकालकर उसके सिर पर दो बार वार किया तथा तीसरी बार चाकू से हमला करने पर बचाव के प्रयास में चाकू फरियादी की बांयी आंख के पास लग गया, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद मोशीन हुसैन एवं मुनौअर अंसारी द्वारा बीच-बचाव कर फरियादी को बचाया गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

फरियादी की रिपोर्ट पर *थाना कोतवाली में अप.क्र. 1027/2026 धारा 296(बी), 115(2), 109(1), 3(5) बीएनएस* के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया तथा घायल फरियादी को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया।

 

घटना के चंद घंटों में 03 आरोपी गिरफ्तार-

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए। निर्देशों के पालन में चौकी प्रभारी बस स्टेण्ड नेहा मौर्य द्वारा पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश हेतु तत्काल कार्रवाई प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के संबंध में जानकारी एकत्रित कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। आरोपी चाका, थाना कुठला क्षेत्र के निवासी होने से उनके सकुनत पर तलाश की गई, लेकिन आरोपी घर पर नहीं मिले।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि घटना में शामिल 03 आरोपी शहर से बाहर भागने की फिराक में चाका बायपास के आसपास देखे गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल चाका बायपास क्षेत्र में घेराबंदी कर महेन्द्र उर्फ लक्की चौधरी, अभिषेक चौधरी एवं पवन चौधरी उर्फ डंका चौधरी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा समीर अंसारी के साथ एकराय होकर मारपीट करना तथा महेन्द्र चौधरी द्वारा जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला करना स्वीकार किया गया। आरोपी महेन्द्र चौधरी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी तनवीर खान निवासी चाका, कटनी घटना के बाद से फरार है, जिसकी तलाश हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम एवं पते

1- महेन्द्र चौधरी उर्फ लक्की पिता अशोक कुमार चौधरी, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम चाका, शासकीय स्कूल के पास, थाना कुठला, जिला कटनी।

2- अभिषेक चौधरी पिता रामजी चौधरी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम चाका, हनुमान मंदिर के पास, थाना कुठला, जिला कटनी।

3- पवन चौधरी उर्फ डंका चौधरी पिता अशोक कुमार चौधरी, उम्र 18 वर्ष, निवासी ग्राम चाका, शासकीय स्कूल के पास, थाना कुठला, जिला कटनी।

4- तनवीर खान निवासी चाका, जिला कटनी — फरार।

चौकी प्रभारी बस स्टेण्ड नेहा मौर्य द्वारा बताया गया कि आरोपियों द्वारा पुरानी रंजिश को लेकर समीर अंसारी के साथ मारपीट कर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर घायल किया गया था। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर 03 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। फरार आरोपी तनवीर खान की तलाश जारी है, जिसे शीघ्र गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

 

पुलिस कार्यवाही में विशेष भूमिका-

पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में चौकी प्रभारी बस स्टेण्ड नेहा मौर्य, प्र.आर. नीरज पाण्डेय, मनोज पटेल, सुशील पाण्डेय एवं आर. सतेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!