क्राइममध्य प्रदेशलोकल न्यूज़

कन्हवारा में अवैध प्लाटिंग का खेल, भूमाफिया खुलेआम खेतों की खरीदी कर बेच रहे प्लॉट

ग्रामीणों ने प्रशासन से की अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने की मांग

*कटनी में कृषि भूमि पर धड़ल्ले से हो रही प्लाटिंग, प्रशासन बना मूकदर्शक*

 

कटनी, मध्य प्रदेश – जनपद कटनी के ग्राम कन्हवारा में कोयला फैक्ट्री के बाजू में बड़े पैमाने पर अवैध प्लाटिंग का कार्य तेजी से फल-फूल रहा है। जानकारी के अनुसार, यहां कृषि भूमि को बिना वैधानिक अनुमति के आवासीय भूमि में परिवर्तित कर छोटे-छोटे प्लॉट तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है।

लोगों का आरोप है कि भूमाफिया खुलेआम खेतों की खरीदी कर उन्हें टुकड़ों में काटकर बेच रहे हैं, जबकि नियमानुसार कृषि भूमि को आवासीय उपयोग में लाने के लिए डायवर्सन सहित कई प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य होता है। नियमों की अनदेखी कर की जा रही इस प्लाटिंग से शासन को राजस्व की हानि होने की भी आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जिन जमीनों पर प्लॉट काटे जा रहे हैं वहां न तो सड़क, नाली, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की कोई ठोस व्यवस्था है और न ही कॉलोनी विकास से जुड़ी स्वीकृतियां ली गई हैं। ऐसे में भविष्य में यहां मकान बनाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

सबसे हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर प्लाटिंग का कार्य होने के बावजूद संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारी अब तक कोई ठोस कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले समय में यहां अवैध कॉलोनियों की भरमार हो सकती है। ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!