मध्य प्रदेश का कटनी जिला हवाला कारोबार का नया केंद्र, जांच एजेंसियां सतर्क
कटनी में हवाला नेटवर्क का भंडाफोड़, करोड़ों की रकम जब्त

देशभर में फैले बड़े हवाला नेटवर्क का टर्मिनल बनता जा रहा कटनी
संवाददाता बालकिशन नामदेव
कटनी। कटनी जिला एक बार फिर हवाला और मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के केंद्र बिंदु के रूप में सुर्खियों में है। जबलपुर, सतना और सागर–बिलासपुर रेलखंडों के महत्वपूर्ण जंक्शन पर बसे कटनी के मजबूत कारोबारी संपर्क अब हवाला कारोबारियों के लिए बड़े नेटवर्क के रूप में इस्तेमाल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि कटनी से कोलकाता, लखनऊ, हैदराबाद, नागपुर, मुंबई, अहमदाबाद, सूरत और इंदौर तक हवाला के जरिए करोड़ों रुपये स्थानांतरित किए जा रहे हैं।
*कटनी से देशभर तक हवाला कनेक्शन*
जाँच एजेंसियों के अनुसार, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों में हाल ही में पकड़े गए कई हवाला मामलों के तार कटनी से जुड़े पाए गए हैं। विंध्य, महाकौशल और बुंदेलखंड के बीच स्थित यह शहर अब हवाला नेटवर्क का मुख्य टर्मिनल बनता दिख रहा है।
*मुख्य खुलासे और हालिया जब्ती*
* 2017 में आयकर विभाग द्वारा कटनी के एक एक्सिस बैंक में छापे के दौरान करीब ₹500 करोड़ के हवाला रैकेट का खुलासा हुआ था।
* 2017 से 2025 के बीच कटनी का नाम कई हवाला मामलों में सामने आता रहा है। उस समय की चर्चाओं में कुछ अधिकारियों, व्यापारियों और नेताओं के नाम तक उछले थे।
* पिछले एक महीने में मध्य प्रदेश में ₹7 करोड़ हवाला रकम पकड़ी गई, जिसे कटनी से महाराष्ट्र भेजा जा रहा था।
* हाल ही में सागर पुलिस ने हाईवे पर एक वाहन को रोककर ₹4 करोड़ की हवाला राशि जब्त की। शुरुआती जांच में यह रकम मुंबई भेजी जा रही थी, जिसमें गुजरात के एक हीरा व्यापारी का नाम सामने आया है।
*जाँच एजेंसियों की पड़ताल*
पुलिस और आयकर विभाग इस समय कटनी कनेक्शन की गहराई से पड़ताल कर रहे हैं। हवाला रकम के तार देश के बड़े उद्योगपतियों, गुटखा कारोबारियों और हीरा व्यापार से जुड़े नेटवर्क तक पहुंचते दिख रहे हैं।
हालाँकि, अभी तक एजेंसियाँ यह तय नहीं कर पाई हैं कि अलग-अलग शहरों में करोड़ों रुपये पहुँचाने वाले इस नेटवर्क का वास्तविक आकार कितना बड़ा है।
*ED की एंट्री की संभावना*
गंभीरता को देखते हुए जल्द ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) जैसे केंद्रीय जांच एजेंसियों के जुड़ने की संभावना जताई जा रही है।
*जांच की चुनौती*
फिलहाल जाँच एजेंसियाँ पकड़ी गई रकम और सामने आए व्यक्तियों तक ही सीमित हैं, जिसके कारण पूरे नेटवर्क तक पहुंचना चुनौती बना हुआ है।
कटनी में बढ़ते हवाला मामलों ने प्रशासन और जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की संभावनाएँ मजबूत मानी जा रही हैं।




