कटनी में ‘शराब राज’: फौजी को पीटने वाले ठेकेदार पर मेहरबान प्रशासन, अब इंदिरानगर में आधी रात तक ‘शटर सेल’
कटनी बना 'ओवररेट किंगडम': विरोध करने पर फौजी को कूटा, वीडियो वायरल होने पर भी इंदिरानगर दुकान पर मौज

कटनी में शराब माफिया बेलगाम: फौजी को पीटने के बाद भी नहीं जागा प्रशासन, अब इंदिरानगर में आधी रात को शटर के नीचे से बिक रही शराब
*कटनी।* जिले में शराब दुकानों की मनमानी चरम पर पहुंच चुकी है। ठेकेदारों की दबंगई के आगे न कानून का डर है, न प्रशासन की कार्रवाई का खौफ। ताजा मामला शहर के बहुचर्चित इंदिरानगर शराब दुकान का है, जहां विगत आधी रात को शटर बंद कर नीचे से शराब बेचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
*फौजी को पीटा, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई*
अभी हाल ही में कटनी मुख्य रेलवे स्टेशन स्थित शराब दुकान पर एक फौजी को शराब माफिया के गुर्गों ने सिर्फ इसलिए पीट दिया था क्योंकि उसने शराब के ऊंचे दाम पर बिक्री का विरोध किया था। देश की रक्षा करने वाले फौजी की बात भी शराब ठेकेदार की दबंगई के आगे नहीं चली। हैरानी की बात है कि प्रशासन ने भी ठेकेदार और उसके गुर्गों पर कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं दिखाई।
*प्रशासन की चुप्पी से बढ़े हौसले*
फौजी पिटाई मामले में कार्रवाई न होने से शराब दुकान संचालकों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। नियम-कायदों को ताक पर रखकर जिले भर में मनमानी चल रही है। ओवर रेट, समय के बाद बिक्री और गुंडागर्दी अब आम बात हो गई है।
*इंदिरानगर में आधी रात को बिक रही शराब*
अब इंदिरानगर शराब दुकान का वीडियो वायरल है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दुकान बंद होने के बाद भी आधी रात को शटर के नीचे से शराब बेची जा रही है। शासन के नियमानुसार रात 10 बजे बाद शराब बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है, लेकिन यहां खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
*सवालों के घेरे में आबकारी विभाग*
1. फौजी से मारपीट के बाद भी ठेकेदार पर FIR क्यों नहीं?
2. रात 12 बजे बाद शराब कैसे बिक रही है?
3. क्या आबकारी विभाग और ठेकेदारों की मिलीभगत है?
4. वायरल वीडियो के बाद भी छापा क्यों नहीं मारा गया?
शहर में चर्चा है कि जब फौजी को पीटने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आम आदमी की कौन सुनेगा। अब देखना है कि इंदिरानगर शराब दुकान के वायरल वीडियो के बाद कलेक्टर और आबकारी अधिकारी नींद से जागते हैं या शराब माफिया यूं ही कानून को ठेंगा दिखाता रहेगा।




