बिलहरी में ‘सट्टा किंग’ संजू नरगडिया के हौसले बुलंद: कर्हैया, बड़खेड़ा समेत तीन गांवों में बिछाया जाल, गुर्गों के जरिए खुलेआम खिला रहा सट्टा
गुर्गागर्दी’ से चल रहा सट्टा: बिलहरी क्षेत्र में संजू नरगडिया का ‘खेल’, तीन गांव में फैलाया नेटवर्क

चौकी क्षेत्र में ‘सट्टा बाजार’ गर्म, अवैध कमाई के लिए गांव-गांव फैलाया नेटवर्क, पुलिस की ‘चुप्पी’ पर उठे सवाल
*कटनी/बिलहरी, 14 मई 2026 .बिलहरी चौकी अंतर्गत इन दिनों सट्टा बाजार अपने चरम पर है। कर्हैया ग्राम निवासी संजू नरगडिया पर तीन-तीन गांवों में खुलेआम सट्टा खिलवाने के गंभीर आरोप लगे हैं।
*तीन गांव ‘जकड़’ में, गुर्गे सक्रिय*
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ‘कथित’ सट्टा माफिया संजू नरगडिया ने कुठला थाना की चौकी बिलहरी, बड़खेड़ा और कर्हैया गांव को अपने अवैध कारोबार की जकड़ में ले रखा है। आरोप है कि अवैध लाभ अर्जित करने की नीयत से उसने पूरे क्षेत्र में अपना जाल बिछा रखा है। इस कारोबार को चलाने के लिए बाकायदा उसके गुर्गे गांवों में घूम-घूमकर सट्टा खिलवा रहे हैं।
*चौकी क्षेत्र में खुलेआम चल रहा ‘खेल’*
ग्रामीणों का आरोप है कि बिलहरी चौकी क्षेत्र में सुबह से ही सट्टे का खेल शुरू हो जाता है। युवा वर्ग इस लत की चपेट में आ रहा है। घर-परिवार बर्बाद हो रहे हैं, लेकिन ‘कथित’ सट्टा किंग के हौसले इतने बुलंद हैं कि कार्रवाई का कोई डर नहीं है।
*पुलिस की भूमिका पर सवाल*
स्थानीय लोगों में चर्चा है कि इतने बड़े पैमाने पर खुलेआम सट्टा चल रहा है, फिर भी पुलिस की नजर क्यों नहीं पड़ रही? चौकी क्षेत्र में ‘सट्टा बाजार’ गर्म होने के बाद भी अब तक कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
*ग्रामीणों की मांग: नेटवर्क ध्वस्त हो*
ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि बिलहरी, बड़खेड़ा और कर्हैया में चल रहे ‘कथित’ सट्टे के नेटवर्क को तत्काल ध्वस्त किया जाए। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर युवाओं को इस लत से बचाया जाए।
*पुलिस व आरोपी का पक्ष नहीं मिला*
*इस संबंध में बिलहरी चौकी प्रभारी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया किंतु संपर्क नहीं हो सका।* वहीं संजू नरगडिया से भी पक्ष जानने का प्रयास किया गया। पक्ष मिलते ही प्रकाशित किया जाएगा।




