कटनी SP बने मिसाल: थानों के कायाकल्प में उतरे मैदान में, स्टाफ संग मिलकर संवारे रिकॉर्ड-परिसर
कोई काम छोटा नहीं’: कटनी SP अभिनय विश्वकर्मा थाने में साफ-सफाई करते आए नजर, आईएसओ की तैयारी तेज

कटनी में थानों का कायाकल्प: आईएसओ प्रमाणन की तैयारी तेज, एनकेजे थाने में SP अभिनय विश्वकर्मा ने खुद झाड़ू-डस्टर उठाया; बोले- ‘जनसेवा में कोई काम छोटा नहीं’
*कटनी, 15 मई 2026* कटनी जिले में पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी एवं जनहितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के थानों का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। आईएसओ प्रमाण पत्र वितरण टीम के प्रस्तावित निरीक्षण को दृष्टिगत रखते हुए सभी थानों में रंगरोगन, साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य तेज गति से चल रहा है।

कटनी पुलिस द्वारा जन पुलिसिंग के प्रयासों के तहत थानों की केवल बाहरी साज-सज्जा ही नहीं, बल्कि उनकी कार्यप्रणाली को भी उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। थाना परिसरों के आंतरिक एवं बाहरी स्वरूप में बदलाव कर उन्हें नागरिक-अनुकूल बनाया जा रहा है, वहीं शिकायतों के त्वरित एवं कुशल निपटारे, न्याय प्रणाली को सशक्त बनाने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में भी सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
आईएसओ प्रमाणित पुलिस स्टेशन का उद्देश्य ऐसे थानों का निर्माण करना है, जो अंतर्राष्ट्रीय मानकीकरण संगठन के गुणवत्ता प्रबंधन मानकों को पूरा करते हों। इन मानकों के अंतर्गत जांच प्रक्रिया, शिकायत निवारण, रिकॉर्ड प्रबंधन, विभागीय कार्यप्रणाली, नागरिक सेवाएं तथा पुलिस कर्मियों की व्यवहार कुशलता जैसे विभिन्न मापदंड शामिल हैं। इसी क्रम में कटनी जिले के सभी चयनित थानों में प्रशासनिक प्रक्रियाओं का डिजिटलीकरण एवं मानकीकरण भी किया जा रहा है।

*एनकेजे थाने में SP ने खुद की साफ-सफाई, बढ़ाया स्टाफ का हौसला*
इसी तैयारी के तहत आज पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने थाना एनकेजे का निरीक्षण किया। *निरीक्षण के दौरान SP स्वयं पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने में जुटे नजर आए।* उन्होंने फाइलें व्यवस्थित कीं, रिकॉर्ड रूम का जायजा लिया और परिसर में सफाई अभियान में सहभागिता की। SP की इस पहल से थाना स्टाफ में उत्साह एवं जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत हुई। कर्मचारियों ने कहा कि जब कप्तान खुद जमीन पर उतरकर काम करें तो पूरी टीम का मनोबल दोगुना हो जाता है।

कटनी पुलिस का यह प्रयास न केवल थानों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने, विश्वास बढ़ाने तथा पुलिस-जन संवाद को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक उल्लेखनीय पहल माना जा रहा है।
इस दौरान उप पुलिस अधीक्षक श्री रत्नेश मिश्रा एवं थाना प्रभारी एनकेजे रूपेन्द्र राजपूत सहित पुलिस स्टाफ उपस्थित थे।




