प्रशासन विश्राम के सागर में: इक्का दुक्का कार्रवाई कर बटोर रहा सुर्खियां,ग्लोबल वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में बिना नियमों के दौड़ रहे स्कूली वाहन
बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ ,कटनी में स्कूली वाहनों पर न जीपीएस, न स्पीड गर्वनर, न अटेंडर

जबलपुर कर रहा कार्रवाई, कटनी कर रहा इंतजार,ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूली वाहनों की मनमानी जारी*
*कटनी।* पड़ोसी जिले जबलपुर में स्कूली वाहनों के खिलाफ सैकड़ों की ताद में लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं कटनी में स्कूली वाहनों की स्थिति जस की तस बनी हुई है।
_निडर आवाज न्यूज_ को ग्रामीण क्षेत्रों से शिकायतें मिल रही हैं कि निजी स्कूलों द्वारा बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार कन्हवारा क्षेत्र के ग्लोबल वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के वाहनों को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। आरोप है कि इन वाहनों में कई जरूरी सुरक्षा मानक पूरे नहीं किए जा रहे हैं। इनमें जीपीएस, स्पीड गर्वनर, प्रशिक्षित महिला अटेंडर, चालक की वर्दी और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
शिक्षा विभाग और आरटीओ के नियमों के अनुसार हर स्कूली वाहन में ये सुविधाएं अनिवार्य हैं। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में इन नियमों का पालन होता नहीं दिख रहा।

जबलपुर में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए परिवहन विभाग लगातार अभियान चला रहा है और नियम विरुद्ध वाहनों पर कार्रवाई कर रहा है। वहीं कटनी में इक्का-दुक्का कार्रवाई के बाद स्थिति फिर पुराने ढर्रे पर लौट जाती है।
अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग से मांग की है कि जबलपुर की तरह कटनी में भी सख्ती से अभियान चलाया जाए ताकि बच्चों को सुरक्षित सफर मिल सके।
फिलहाल इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी और आरटीओ से आधिकारिक पक्ष नहीं मिल सका है।
*निडर आवाज | कटनी*




