CM के नाम ज्ञापन: करूआ रोड, नाली घोटाला, झोलाछाप डॉक्टर सब बेनकाब – कलेक्टर को अल्टीमेटम: कन्हवारा की 8 समस्याएं 15 दिन में सुलझाओ
EOW से हत्या के केस तक की मांग: कन्हवारा के ज्ञापन ने बढ़ाई अफसरों की धड़कन, 15 दिन का अल्टीमेटम
करूआ रोड अधूरी, नाली-मेला मैदान में घोटाला, झोलाछाप डॉक्टर सक्रिय, गौवंश की मौत: हर बिंदु पर FIR की मांग_
*कटनी, 04 मई 2026।* ग्राम कन्हवारा की जनता प्रशासनिक उदासीनता और भ्रष्टाचार से त्रस्त होकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंची। समस्त ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री के नाम 8 सूत्रीय ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा। डिप्टी कलेक्टर द्वारा ज्ञापन को स्वीकार कर आवक क्र. 4526 दर्ज किया गया।

*ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे:*
*1. करूआ रोड बना ‘राजनीति का शिकार’:*
किसानों द्वारा जमीन दान देने के बावजूद वर्षों से करूआ रोड का निर्माण अधर में है। बरसात से पहले पंचायत ने जेसीबी से बड़ा नाला खोद दिया जिससे दुर्घटना का खतरा है। ग्रामीणों ने राजनीतिक श्रेय की लड़ाई में रोड को बलि चढ़ाने का आरोप लगाया। *मांग: तत्काल बजट जारी कर निर्माण शुरू हो।*
*2. स्वास्थ्य केंद्र की नाली में ‘गबन‘:*
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक बनने वाली नाली का आधा निर्माण करने वाली एजेंसी ने पूरी राशि आहरित कर ली। *मांग: EOW जांच कर FIR दर्ज हो।*

*3. आदिवासियों से ‘धोखा’:*
छः घरा आदिवासी बस्ती में आधी सड़क बनाकर पूरी राशि निकाल ली गई। बनी सड़क भी गुणवत्ताविहीन है। *मांग: तकनीकी जांच कर पुनर्निर्माण व वसूली हो।*
*4. ‘मित्रा मेडिकल’ की आड़ में मौत का खेल:*
प्रशासन द्वारा पूर्व में सीज की गई क्लीनिक का डॉक्टर अब मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध इलाज कर रहा है। CMHO की भूमिका संदिग्ध बताई। *मांग: मेडिकल- क्लीनिक सीज कर आपराधिक केस दर्ज हो।*

*5. मेला मैदान में ‘अंधेरा घोटाला‘:*
ठेकेदार ने पूरी राशि लेकर भी ट्रांसफार्मर नहीं लगाया, जिससे मेले में बिजली व्यवस्था चौपट रही। व्यापारियों से वसूली गई राशि भी पंचायत खाते में जमा नहीं हुई। *मांग: उच्च स्तरीय जांच हो।*
*6. बिजली विभाग की लापरवाही से गौवंश की मौत:*
प्राचीन शिव मंदिर के पास 3 दिन पहले हाइटेंशन तार की चपेट में गौवंश की मौत हो गई। *मांग: दोषी अधिकारियों पर हत्या का केस दर्ज हो।*

*7. लाड़ली बहना योजना से वंचित:*
अनेक पात्र महिलाएं अब भी योजना से बाहर हैं। *मांग: तत्काल सर्वे कर नाम जोड़े जाएं।*
*8. शराब माफिया बेलगाम:*
कन्हवारा शराब दुकान पर MRP से अधिक वसूली, रेट लिस्ट गायब और गली-मोहल्ले में अवैध पैकारी चल रही है। *मांग: लाइसेंस निरस्त कर पैकारी बंद हो।*

*ग्रामीणों का अल्टीमेटम*
ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिवस में सभी बिंदुओं पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामवासी कलेक्टर कार्यालय का घेराव एवं चक्काजाम करने को बाध्य होंगे। इसकी संपूर्ण जवाबदारी जिला प्रशासन की होगी। इस दौरान जिया लाल कुशवाहा, राजू कुशवाहा, हीरा, सहित दर्जनों किसानों की उपस्थिति रही।
ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास, संभागायुक्त जबलपुर तथा पुलिस अधीक्षक कटनी को भी भेजी गई है।




