तीसरी आंख से खुल सकता है राज: बरही रेस्टोरेंट मामले में स्थानीय लोगों ने फुटेज जांच की मांग की
बरही बाजार में आरोपों का दौर: रेस्टोरेंट परिसर पर सवाल, प्रशासनिक चुप्पी से नाराजगी

बरही रेस्टोरेंट पर कथित अनैतिक गतिविधि के आरोप, जांच की मांग तेज*
*कटनी।* जिले के बरही मुख्य बाजार और रिहायशी क्षेत्र के पास स्थित एक रेस्टोरेंट को लेकर स्थानीय स्तर पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय नागरिकों और सूत्रों का दावा है कि परिसर में रेस्टोरेंट की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है।
*आरोप: रेस्टोरेंट की आड़ में संदेह*
स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त परिसर में कथित रूप से ऐसी गतिविधियां संचालित होने की चर्चाएं हैं जो युवाओं को गलत दिशा में धकेल सकती हैं। दबी जुबान में यह भी कहा जा रहा है कि “बाहर सिर्फ रेस्टोरेंट का बोर्ड है, अंदर की गतिविधियों को लेकर संदेह है।” आरोप लगाने वालों का कहना है कि यह मामला क्षेत्र के सामाजिक ताने-बाने पर असर डाल रहा है।
*सीटीवी से हो सकता है खुलासा*
क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि सच्चाई तक पहुंचने का रास्ता सीधा है। यदि पुलिस-प्रशासन संबंधित परिसर के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों और आसपास के मार्गों के फुटेज की जांच कर ले, तो आवाजाही और गतिविधियों का रिकॉर्ड सामने आ जाएगा। उनका तर्क है कि समय-समय पर होने वाली संदिग्ध मूवमेंट का डेटा ही मामले की हकीकत बता देगा।
*प्रशासनिक चुप्पी पर सवाल*
आरोपों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी चर्चाओं के बावजूद अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से परिसर पर कोई औचक निरीक्षण सार्वजनिक रूप से नहीं हुआ है। स्थानीय लोग पूछ रहे हैं कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी किस बात का इंतजार कर रहे हैं? क्या किसी अप्रिय घटना के बाद ही कार्रवाई होगी?
*पुलिस-प्रशासन का पक्ष:* खबर प्रकाशन तक बरही थाना/स्थानीय प्रशासन से इस संबंध में आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका।
*नोट:* यह समाचार स्थानीय नागरिकों के आरोपों, सार्वजनिक चर्चाओं और सूत्रों के हवाले से तैयार की गई है। रेस्टोरेंट पर लगे आरोपों की सत्यता पुलिस जांच और सीसीटीवी फुटेज के परीक्षण के बाद ही प्रमाणित हो सकेगी। निडर आवाज किसी व्यक्ति/संस्थान को दोषी नहीं मानता। जांच में दोषी पाए जाने पर ही कानूनी कार्रवाई संभव है।




