धरती का सीना चीर रहा ‘रसूख’: मौत के मुहाने पर खड़े होकर चल रहा लाइमस्टोन का अवैध खेल
कोलकाता से ऑपरेट हो रहा कटनी का अवैध खनन! ऑपरेटरों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रही संडर्शन लाइम मिनरल्स

वीडियो वायरल, पर अफसर चुप! क्या विजयराघवगढ़ में किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है प्रशासन?
जमुआनि कलां में मौत के साए में अवैध उत्खनन: बिना लीज के पहाड़ों को छलनी कर रही SNS Minerals, प्रशासन मौन
कटनी (विजयराघवगढ़)। विजयराघवगढ़ विधानसभा अंतर्गत जमुआनि कलां में नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से अवैध खनन का खेल चल रहा है। आरोप है कि SNS Minerals (संडर्शन लाइम मिनरल्स) द्वारा बिना वैध लीज के पिछले कई वर्षों से लाइमस्टोन (चूना पत्थर) का अंधाधुंध उत्खनन किया जा रहा है। भारी-भरकम पोकलेन मशीनों से धरती का सीना चीरकर पहाड़ों को खोखला किया जा चुका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सुरक्षा ताक पर, मौत के मुहाने पर मजदूर
मौके की स्थिति बेहद डरावनी और चिंताजनक है:
खतरनाक जलभराव: चालू खदान के ठीक बगल में स्थित पुरानी खदान पानी से लबालब भरी है।
सुरक्षा के शून्य इंतजाम: बिना किसी सुरक्षा मानकों के, पानी से भरी गहरी खदान के बिल्कुल किनारे दो-दो पोकलेन मशीनें और चार हाइवा वाहन लगातार उत्खनन और परिवहन में जुटे हैं।
मजदूरों की जान जोखिम में: बिना सुरक्षा दीवार या बाउंड्री के, ढलान और भूस्खलन के खतरे के बीच ऑपरेटर और चालक अपनी जान हथेली पर रखकर काम करने को मजबूर हैं।
हालिया हादसे का वीडियो वायरल, दबाने का प्रयास
सूत्रों के अनुसार, हाल ही में इस क्षेत्र की एक खदान में इसी तरह लापरवाही से खुदाई के दौरान एक पोकलेन मशीन और हाइवा मलबे में दब गए थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इसके बावजूद, स्थानीय प्रशासन और खदान संचालक इस पूरे मामले को दबाने में जुटे हैं और किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
कोलकाता से जुड़े है तार
इस अवैध कारोबार के तार सीधे पश्चिम बंगाल से जुड़े होने की खबर है। चर्चा है कि इस पूरे खेल का मुख्य सूत्रधार कोलकाता में बैठा एक बैरी (संचालक) है। वह सैकड़ों किलोमीटर दूर बैठकर स्थानीय रसूख के दम पर यह अवैध उत्खनन करवा रहा है। उसे स्थानीय चालकों और ऑपरेटरों की जिंदगी की कोई परवाह नहीं है।
स्थानीय जनता की मांग
स्थानीय ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन, खनिज विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। जनता का कहना है कि:

तत्काल मौके की जांच कर अवैध खनन रोका जाए।
कंपनी के लीज दस्तावेजों की बारीकी से जांच हो।
सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर संचालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।




