कैमोर आगजनी: अधिवक्ता ने पुलिस से की कार्यवाही की मांग, पुलिस आरोपियों तक जल्द पहुंचने का कर रही दावा
थाने का वाहन सहित तीन अन्य वाहनों का अज्ञात तत्वों द्वारा जलाने का है मामला

कैमोर में दहशत: थाने का वाहन सहित तीन वाहन फूंके थे
संवाददाता अनिल चावला,23/11/25 . औद्योगिक नगरी कैमोर के तिलक चौक स्थित अमेहटा रोड पर मंगलवार देर रात अज्ञात आपराधिक तत्वों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए मिठाई की दुकान के बाहर खड़ी आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में कई वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए।
*विजयराघवगढ़ पुलिस थाने का वाहन भी जला*
जलकर नष्ट हुए वाहनों में विजयराघवगढ़ पुलिस थाने का एक सरकारी वाहन भी शामिल था, जो मरम्मत और रंग-पेंट के लिए यहां खड़ा था। एक अन्य वाहन तिलक चौक निवासी अधिवक्ता संजय जायसवाल का बताया गया है, जबकि एक अन्य वाहन कैमोर निवासी ऋषि मनोचा का भी आग की भेंट चढ़ गया है।
*पुलिस कर रही जांच*
घटना की जानकारी मिलते ही कैमोर थाना प्रभारी आशीष शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच प्रारंभ कराई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
*अधिवक्ता ने उठाए सवाल*
अधिवक्ता संजय जायसवाल ने पुलिस की कार्यवाही पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना में थाने का वाहन तक जला दिया गया, फिर भी अब तक आगजनी करने वाले आरोपी पकड़ में क्यों नहीं आए?
*पुलिस का आश्वासन*
कैमोर पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से कई एंगल पर आगे बढ़ रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।




