खनिज विभाग की मंचित कार्रवाई: दो ट्रक पकड़कर डंका पीटा, लेकिन जमीनी सच कुछ और
शहर में दो ट्रक पकड़कर विभाग ने दिखाई मंशा, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध खनन जारी

कटनी में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने की कार्रवाई, दो ट्रक जब्त
कटनी जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के बाईपास मार्ग पर दो ट्रकों को बिना दस्तावेज के परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इन ट्रकों में मार्बल ब्लॉक और गिट्टी लदा हुआ था। दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना स्लीमनाबाद में सुरक्षार्थ खड़ा कर दिया गया है।
यह कार्रवाई उप संचालक रत्नेश दीक्षित, सहायक अधिकारी पवन कुशवाहा और निरीक्षक कमलकांत परस्ते की टीम ने की। हालांकि, ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध रेत, मुरूम,परिवहन का मामला अभी भी गरम है, जिसमें कन्हवारा और पोड़ी में तो ताजे मामले प्रकाश में आए है जहां प्रशासन की उदासीनता के चलते खनन माफियाओं का राज जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई केवल दिखावा है और वास्तविक समस्या का समाधान नहीं है। उनका आरोप है कि अवैध खनन से न केवल सरकारी राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। और ये सब वर्षों से जमे दो खनिज निरीक्षक, जिनको राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है उन्हीं के राज में ये सब खेल खेला जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि शहर ही नहीं, गांवों-घाटों- खदानों की भी सघन निगरानी की जाए, रात में विशेष जांच हो, और अवैध खनन पर वास्तविक नियंत्रण किया जाए, न कि दिखावटी कार्रवाइयों से जनता को भ्रमित किया जाए।




