गेहूं भंडारण विवाद: समिति प्रबंधक ने की कलेक्टर से शिकायत, संचालक ने कहा- आरोप निराधार
कटनी: मारुति वेयरहाउस में भंडारण को लेकर विवाद, समिति-संचालक के अलग-अलग दावे

गेहूं भंडारण विवाद गहराया: समिति ने संचालक द्वारा अभद्रता की कलेक्टर से की शिकायत,
*कटनी।* जिले के विलायत कलां और अमाड़ी उपार्जन केंद्रों से खरीदे गए गेहूं के भंडारण को लेकर मारुति वेयरहाउस में विवाद खड़ा हो गया है। समिति प्रबंधकों ने वेयरहाउस संचालक कमल साहू पर भंडारण से इनकार और अभद्रता का आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की है। वहीं संचालक ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए इसे साजिश करार दिया है।
*समिति का आरोप: भंडारण से इनकार, 6 ट्रक खड़े*
समिति प्रबंधक मनोज द्विवेदी और खरीद प्रभारी लखन पटेल ने कलेक्टर को दिए पत्र में आरोप लगाया कि सत्र 2024-25 के लिए विलायत कलां, अमाड़ी और कांटी उपार्जन केंद्रों के गेहूं भंडारण के लिए शासन ने ‘मारुति वेयरहाउस’ को मैप किया था। इसके बावजूद संचालक कमल साहू ने फोन पर धमकी देते हुए भंडारण से मना कर दिया।
पत्र में कहा गया कि विलायत कलां से गेहूं भरकर 6 ट्रक वेयरहाउस पहुंचे, लेकिन अनलोडिंग नहीं कराई गई। इससे परिवहन व्यवस्था ठप है और खुले में रखे अनाज के खराब होने का खतरा है। समिति ने मांग की है कि मारुति वेयरहाउस से मैपिंग हटाकर किसी अन्य गोदाम में व्यवस्था की जाए और संचालक पर कानूनी कार्रवाई हो।

*संचालक कमल साहू का पक्ष: “मुझे बेवजह परेशान किया जा रहा”*
वहीं वेयरहाउस संचालक कमल साहू ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने अपना पक्ष रखते हुए कहा: _”आरोप पूरी तरह निराधार हैं। मुझे बेवजह परेशान किया जा रहा है। कमल साहू ने अनलोडिंग रोकने के आरोप पर सफाई दी: _”कोई भी गाड़ियां नहीं रोकी गई हैं। अभी तीन ट्रक खाली हो गए हैं और बाकी तीन ट्रक भी शाम तक खाली हो जाएंगे। माननीय कलेक्टर साहब और मीडिया चाहे तो स्थल का भौतिक निरीक्षण कर सकती है।”
*प्रशासन को भेजी गई शिकायत*

समिति प्रबंधकों ने इस शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर के साथ पुलिस अधीक्षक कटनी, जिला आपूर्ति अधिकारी, सहायक आयुक्त सहकारिता और वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन जबलपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक को भी भेजी है।

फिलहाल मामला प्रशासन के पाले में है। समिति और संचालक दोनों अपने-अपने दावों पर अड़े हैं। अब देखना होगा कि कलेक्टर की जांच में क्या निकलकर सामने आता है।




