सुरक्षित समाज की दिशा में सख्त कदम: कटनी पुलिस का देर रात सघन चेकिंग अभियान
नए साल के मद्देनजर कटनी पुलिस की सक्रियता बढ़ी

संवाददाता बालकिशन नामदेव
कटनी। शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा गुरुवार देर रात व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान सीएसपी नेहा पच्चीसिया के कुशल नेतृत्व एवं कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे की सक्रिय मौजूदगी में स्टेशन क्षेत्र में संचालित किया गया।
अभियान के तहत स्टेशन क्षेत्र के प्रमुख होटलों—जिनमें सम्राट स्वरागनी होटल प्रमुख रूप से शामिल है—का गहन निरीक्षण किया गया। पुलिस टीम ने होटल रजिस्टर, ठहरने वाले यात्रियों का विवरण तथा पहचान पत्रों की सघन जांच कर यह सुनिश्चित किया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को पनपने का अवसर न मिले।
पुलिस अधिकारियों ने होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले प्रत्येक अतिथि का वैध पहचान पत्र लेना अनिवार्य है तथा होटल में ठहरने वाले सभी लोगों की जानकारी प्रतिदिन संबंधित थाने को उपलब्ध कराई जाए। नियमों का पालन न करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इसके अतिरिक्त स्टेशन चौराहा एवं ईश्वर कॉम्प्लेक्स के आसपास सार्वजनिक स्थलों पर खुलेआम शराब सेवन की मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने छापेमारी की। नियमों का उल्लंघन करते पाए गए व्यक्तियों को सख्त चेतावनी दी गई और उन्हें सामाजिक मर्यादा एवं कानून का पालन करने की समझाइश दी गई सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने कहा कि समाज की सुरक्षा में पुलिस और नागरिकों की संयुक्त जिम्मेदारी है।




