कटनी में संकल्प से समाधान अभियान जोर पकड़ रहा, श्रीमती साधना परस्ते ने की निगरानी
संकल्प से समाधान अभियान: वंचित हितग्राहियों को दिलाएं योजनाओं का लाभ

डोर टू डोर सर्वे कर संचालित योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को दिलाएं- श्रीमती साधना परस्ते
कटनी (24 जनवरी)- “संकल्प से समाधान अभियान” के अंतर्गत केंद्र सरकार एवं राज्य शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का और सेवाओं का लाभ डोर टू डोर सर्वेक्षण करते हुए पात्र हितग्राहियों को दिलाए जाने हेतु तत्परता पूरक आवश्यक कार्रवाई करें।

कुछ इस प्रकार के निर्देश मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन लिमिटेड (नॉन) की क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीमती साधना परस्ते ने जनपद पंचायत कटनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लखापतेरी एवं जरवाही ग्रामों का औचक निरीक्षण करते हुए नियक्त दल के अधिकारियों कर्मचारियों को दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा को ध्यान में रखते हुए एक-एक लाभ से वंचित हितग्राही का सर्वे कर उसे उसकी पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाना सुनिश्चित करें। उल्लेखनीय है कि आयुक्त जबलपुर संभाग द्वारा संकल्प से समाधान अभियान की निगरानी हेतु अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रदीप सिंह, एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की परियोजना अधिकारी विद्या पांडे सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।




