किसान मोर्चा के पूर्व नेता इंद्र मिश्रा बदलेंगे पाला? कांग्रेस ज्वाइन करने की सुरसुरी से गरमाई कटनी की राजनीति
कटनी में सियासी पारा हाई: युवा समाजसेवी इंद्र मिश्रा के कांग्रेस प्रवेश की अटकलों से भाजपा खेमे में हलचल

कटनी की सियासत में भूचाल: भाजपा किसान मोर्चा के कद्दावर युवा नेता इंद्र मिश्रा थामेंगे कांग्रेस का हाथ!
*कटनी।* जिले की राजनीति में इन दिनों एक नाम सबसे ज्यादा गूंज रहा है – इंद्र मिश्रा। भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी और युवा समाजसेवी इंद्र मिश्रा के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। चाय की दुकानों से लेकर चौक-चौराहों तक सिर्फ इसी बात की चर्चा है कि मिश्रा जल्द ही कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

सूत्रों की मानें तो इंद्र मिश्रा पिछले कुछ समय से भाजपा की गतिविधियों से दूरी बनाए हुए थे। किसानों और युवाओं के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले मिश्रा की कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से लगातार मुलाकातों के बाद इन कयासों को और बल मिला है।
*क्यों अहम है इंद्र मिश्रा का जाना?*
इंद्र मिश्रा को किसान मोर्चा का तेजतर्रार चेहरा माना जाता रहा है। ग्रामीण/शहरी क्षेत्रों में युवाओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है। कई सामाजिक आंदोलनों में आगे रहकर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर मिश्रा कांग्रेस में जाते हैं तो भाजपा को ग्रामीण इलाकों में नुकसान हो सकता है, वहीं कांग्रेस को एक सक्रिय युवा चेहरा मिलेगा।

फिलहाल इंद्र मिश्रा ने इस पर खुलकर कोई बयान नहीं दिया है। उनसे संपर्क करने पर उन्होंने कहा, _”मैं जनता का सेवक हूँ। जहां से जनता की बेहतर सेवा कर पाऊंगा, वही मेरा फैसला होगा। समय आने पर सब साफ हो जाएगा।”_
वहीं कांग्रेस खेमा इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है, लेकिन अंदरखाने स्वागत की तैयारियां शुरू होने की खबर है। दूसरी तरफ भाजपा नेताओं का कहना है कि _”पार्टी में सब ठीक है, ये सिर्फ अफवाह है।”_

बहरहाल, इंद्र मिश्रा के अगले कदम पर पूरे जिले की निगाहें टिकी हैं। अगर ये अटकलें सच साबित होती हैं तो कटनी की विधानसभा राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं।




