क्राइममध्य प्रदेश

किसानों का बारदाना, व्यापारी की दुकान: विजयराघवगढ़ में 10 हजार बोरियां जब्त, जानबूझकर रखा गया- रिपोर्ट

आधी रात का 'खेल' उजागर:* 10 हजार बोरियां दुकान में छुपाईं, केंद्र प्रभारी ने सुरक्षा का बहाना बनाया

विजयराघवगढ़ में सरकारी बारदाने का ‘निजीकरण’: 10 हजार बोरियां दुकान में मिलीं, केंद्र प्रभारी-व्यापारी को नोटिस 

 

*कटनी।* विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम कुटरिया में सरकारी बारदाने के दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। खरीदी के लिए आवंटित 10 हजार सरकारी प्लास्टिक की बोरियां आधिकारिक केंद्र के बजाय एक निजी दुकान में रखी मिलीं। मामले का खुलासा होने के बाद अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने पूरी रिपोर्ट कलेक्टर खाद्य शाखा को भेज दी है। कांटी केंद्र प्रभारी अनमोल दुबे और व्यापारी शेख सलीम को ‘कारण बताओ नोटिस‘ जारी किया गया है।

 

*क्या है पूरा मामला?*

16 अप्रैल 2026 को नायब तहसीलदार की जांच टीम को ग्राम कुटरिया में शेख सलीम पिता शेख हनीफ की बिल्डिंग में स्थित दुकान के अंदर 20 बंडल सरकारी बारदाना मिला। प्रत्येक बंडल में 500 बोरियां थीं, यानी कुल 10,000 प्लास्टिक की बोरियां जब्त की गईं। ये बोरियां समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए शासन द्वारा आवंटित की गई थीं। नियमतः इन्हें निर्धारित खरीद केंद्र पर ही रखा जाना था, लेकिन इन्हें नियम विरुद्ध निजी स्थान पर रखा गया था।

 

*जांच में सामने आए बयान*

नायब तहसीलदार विजयराघवगढ़ द्वारा जांच के बाद केंद्र प्रभारी श्री अनमोल दुबे और व्यापारी शेख सलीम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया।

 

*केंद्र प्रभारी का पक्ष:* खरीद केंद्र प्रभारी अनमोल दुबे ने जवाब में बताया कि 14 अप्रैल की रात करीब 11:30 बजे बारदाना कुटरिया पहुंचा था। उस समय खरीद केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और रात अधिक हो चुकी थी। सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने पंचनामा बनाकर ये 20 बंडल बारदाना शेख सलीम की दुकान में रखवा दिया था।

 

*व्यापारी का पक्ष:* वहीं व्यापारी शेख सलीम ने अपने जवाब में दावा किया कि उसे समिति प्रबंधक द्वारा फोन पर निर्देश मिला था। प्रबंधक ने कहा था कि खरीद केंद्र अभी पूरी तरह निर्धारित नहीं हुआ है, इसलिए बारदाना सुरक्षित रख लें। इसी निर्देश पर उसने बोरियां अपनी दुकान में रखीं।

प्रशासनिक निष्कर्ष: जानबूझकर रखी गईं बोरियां

नायब तहसीलदार विजयराघवगढ़ की जांच रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि प्रथम दृष्टया यह पाया गया है कि सरकारी बारदाने को निर्धारित केंद्र पर रखने के बजाय जानबूझकर निजी दुकान में रखा गया था। दोनों पक्षों के जवाब और मौके की स्थिति देखने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही माना है।

SDM विवेक गुप्ता का बयान

जब इस संबंध में “बारदाना कांड” में कार्यवाही को लेकर SDM विजयराघवगढ़ श्री विवेक गुप्ता से बात की गई तो उनका कहना था कि “संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया गया था। मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट अग्रिम कार्यवाही के लिए उच्च अधिकारियों सहित खाद्य विभाग को भेज दी गई है। नियमानुसार जो भी कार्रवाई बनती होगी, की जाएगी।”

*अब कलेक्टर करेंगे कार्रवाई**  

मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट अब जिला कलेक्टर कटनी को आगामी कार्रवाई के लिए भेज दी गई है। कलेक्टर खाद्य शाखा स्तर से दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई तय की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!