क्राइममध्य प्रदेश

इमलिया में बड़ा हादसा: असुरक्षित बोरियां गिरीं, मजदूर की दम घुटने से मौत

सोना पाइप इंडस्ट्री की लापरवाही ने ली जान: 19 साल का घनश्याम बोरियों में दबा

मजदूर की मौत: सोना पाइप इंडस्ट्री की लापरवाही ने ली 19 वर्षीय घनश्याम की जान

 

*कटनी।* औद्योगिक सुरक्षा नियमों की अनदेखी एक बार फिर जान ले गई। इमलिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित सोना पाइप इंडस्ट्री में बुधवार 10 जून की दोपहर असुरक्षित तरीके से रखी भारी बोरियों के नीचे दबकर 19 वर्षीय मजदूर घनश्याम की मौत हो गई।

 

मूल रूप से उमरिया जिले के ग्राम अमुआरी निवासी घनश्याम मशीन के हॉपर में कच्चा माल डाल रहा था। तभी ऊपर रखी भारी-भरकम बोरियां अचानक असंतुलित होकर उसके ऊपर गिर पड़ीं। बोरियों के वजन से घनश्याम का दम घुट गया और मौके पर ही मौत हो गई।

 

*सुरक्षा मानक ताक पर*

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कच्चे माल की बोरियां बिना किसी सुरक्षा मानकों के ऊंचाई पर रखी गई थीं। फैक्ट्री में न कोई रैक था, न सेफ्टी बेल्ट। लेबर कानूनों के खुलेआम उल्लंघन से यह हादसा हुआ।

 

*पुलिस जांच शुरू* 

हादसे की सूचना पर माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रबंधन की लापरवाही सामने आ रही है।

 

*कार्रवाई की मांग*

विशेषज्ञों का कहना है कि यह सीधे श्रम कानून और फैक्ट्रीज एक्ट का उल्लंघन है। केवल मर्ग जांच काफी नहीं, प्रबंधन के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज होना चाहिए। मजदूर संगठनों ने भी सख्त कार्रवाई और मृतक के परिवार को मुआवजे की मांग उठाई है।

 

औद्योगिक इकाइयों में मजदूर सुरक्षा पर सवाल पहले से उठ रहे हैं, लेकिन सोना पाइप जैसी इकाइयां नियमों को ताक पर रखकर गरीब मजदूरों की जान से खिलवाड़ कर रही हैं। प्रशासन से मांग है कि कड़ी कार्रवाई कर ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!