टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

“सड़क दुर्घटना आंकड़ा नहीं, परिवार का आघात है” – जस्टिस सप्रे ने कटनी को दी नई दिशा

SP अभिनय विश्वकर्मा, कलेक्टर , जिला सीईओ हरमनप्रीत कौर समेत सभी विभागों ने लिया "सुरक्षित कटनी" का संकल्प

“हर मौत एक आघात है” – जस्टिस सप्रे ने कटनी में दिए सड़क सुरक्षा के 5 मंत्र, जीरो फैटेलिटी का संकल्प

 

कटनी.  माननीय श्री अभय मनोहर सप्रे जी, पूर्व न्यायाधीश माननीय सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली एवं वर्तमान अध्यक्ष सड़क सुरक्षा समिति माननीय सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली ने दिए प्रभावी सड़क सुरक्षा के निर्देश। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं प्रत्येक नागरिक की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज माधवनगर स्थित सर्किट हाउस में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति, दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों, ब्लैक स्पॉट्स की स्थिति, सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान विगत वर्षों एवं वर्ष 2026 में माह मई तक के सड़क दुर्घटना आंकड़ों का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया।

माननीय न्यायमूर्ति श्री सप्रे ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि परिवारों के जीवन पर पड़ने वाला गहरा आघात है। इसलिए दुर्घटना रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों को समन्वित, उत्तरदायी एवं परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाना होगा।

उन्होंने जिला कटनी को “जीरो फैटेलिटी जिला” के रूप में विकसित करने हेतु दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) की नियमित निगरानी, सड़क अभियांत्रिकी सुधार, प्रभावी यातायात प्रबंधन, त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सहायता, गोल्डन आवर में उपचार व्यवस्था तथा व्यापक जन-जागरूकता अभियान को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

बैठक में यह भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया कि सड़क सुरक्षा केवल शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की अवस्था में वाहन न चलाना तथा यातायात नियमों का सम्मान करना अनेक अमूल्य जीवन बचा सकता है।

माननीय न्यायमूर्ति महोदय ने संबंधित विभागों को फील्ड स्तर पर सतत निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक उपायों का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी आधारित अभियान का स्वरूप देने पर बल दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी कलेक्टर सुश्री हरमनप्रीत कौर, आयुक्त नगर निगम सुश्री तपस्या सिंह परिहार, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्रीमती शारदा सिंह, श्री रत्नेश मिश्रा यूपी पुलिस अधीक्षक कटनी, अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री संतोष पॉल, श्री संजय दुबे थाना प्रभारी माधव नगर, यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ठाकुर, डिस्ट्रिक्ट रोल आउट मैनेजर श्री सुरजीत माइती तथा एमपीआरडीसी एवं एनएचएआई के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

बैठक के अंत में सभी विभागों ने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप देने, दुर्घटनाओं में निरंतर कमी लाने तथा “सुरक्षित कटनी – सुरक्षित नागरिक” के संकल्प को साकार करने हेतु समन्वित एवं सतत प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जनसंदेश

“आपका एक छोटा सा सावधानीपूर्ण निर्णय किसी परिवार की खुशियां बचा सकता है। हेलमेट पहनें, सीट बेल्ट लगाएं, गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें। सड़क सुरक्षा ही जीवन सुरक्षा है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!