“ऊपर तक सेटिंग है, खुलकर बेचो” – पिलौंजी में ठेकेदार के गुर्गों की दादागिरी!शराब की अवैध पैकारी से पिपरहटा में आक्रोश, ग्रामीण बोले – अब आंदोलन करेंगे
पिपरहटा में खुलेआम जाम पर जाम, फोटो वायरल फिर भी आबकारी-पुलिस मौन

पिलौंजी-पिपरहटा में खुलेआम शराबखोरी, फोटो वायरल होने के बाद भी आबकारी और पुलिस मौन
कटनी/पिलौंजी। शासन के नशा मुक्ति अभियान के दावों की पोल खोलती तस्वीरें पिलौंजी के पिपरहटा गांव से सामने आई हैं। यहां खुलेआम शराब पीने-पिलाने और पैकारी के फोटो-वीडियो वायरल होने के बाद भी न तो आबकारी विभाग ने कोई कार्रवाई की और न ही पुलिस ने अवैध पैकारी को बंद कराया है। जिससे ठेकेदार और उसके गुर्गों के हौसले बुलंद हैं।
स्थानीय जनों ने बताया कि गांव में दिन-दहाड़े खुलेआम शराब परोसी जा रही है। युवा और राहगीरों को बैठाकर पिलाया जा रहा है। इसकी खबरें पूर्व में प्रकाशित होने और फोटोज वायरल होने के बाद भी प्रशासन ने आंखें मूंद रखी हैं।
ठेकेदार का दावा – “ऊपर तक सेटिंग है”
ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने अपने पैकारी करने वाले गुर्गों को आश्वस्त कर रखा है कि “ऊपर तक सेटिंग है, तुम खुलकर काम करो, कोई कुछ कार्रवाई नहीं करेगा” और होता भी वैसा ही है। आबकारी के अमले द्वारा कभी-कभी औपचारिकता के लिए दबिश तो दी जाती है, लेकिन पैकार पहले ही सूचना मिलने से भाग जाते हैं।

गांव में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
प्रशासन की इस चुप्पी से गांव वालों में भारी आक्रोश पनप रहा है। महिलाओं ने बताया कि खुलेआम शराबखोरी से गांव का माहौल खराब हो रहा है, शाम होते ही विवाद और गाली-गलौज की स्थिति बनती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस अवैध पैकारी को बंद नहीं कराया गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर और एसपी से मांग की है कि पिपरहटा में चल रही अवैध शराब की पैकारी पर तत्काल रोक लगाई जाए।




