बड़वारा पुलिस की समझाइश के बाद भी टूटा वादा? युवती ने एसपी से लगाई गुहार
अप्रैल में हुई थी सुलह, जून में युवती पहुंची एसपी के पास - क्या टूटा भरोसा?

रिश्ता बचाने की कोशिश की बड़वारा पुलिस ने, शादी का वादा कराई थी सुलह – युवती अब एसपी से मांग रही न्याय
निडर आवाज न्यूज – एक्सक्लूसिव
कटनी. बड़वारा थाना क्षेत्र के एक जोड़े के बीच विवाद को सुलझाने में बड़वारा पुलिस ने अप्रैल 2026 में मध्यस्थता की भूमिका निभाई थी। तहसील बड़वारा क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती और एक युवक के बीच विवाद होने पर थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझाइश दी थी और सुलह कराकर युवक से शादी का वादा कराया था। अब युवती ने 16 जून 2026 को एसपी कटनी को आवेदन देकर शादी न करने और दैहिक शोषण के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
*थाना प्रभारी बने मध्यस्थ*
निडर आवाज न्यूज के पास उपलब्ध युवती के आवेदन के अनुसार, अप्रैल माह में विवाद के बाद दोनों पक्ष बड़वारा थाने पहुंचे थे। आवेदन में उल्लेख है कि थाना प्रभारी ने दोनों को समझाकर मामले को सुलझाने की कोशिश की थी। सुलह के दौरान युवक द्वारा युवती से शादी करने का वादा किया गया था। पुलिस की पहल विवाद को खत्म कर रिश्ते को सामान्य करने की थी।
*अहमदाबाद से जुड़ा मामला*
आवेदन में बताया गया है कि युवती और युवक दिसंबर 2025 से अहमदाबाद में एक साथ काम कर रहे थे। फरवरी 2026 में दोनों बड़वारा क्षेत्र वापस लौटे तो युवक के परिजनों द्वारा दूसरी शादी का प्रयास शुरू कर दिया गया। युवती द्वारा आपत्ति जताने पर युवक ने शादी से इनकार कर दिया था।
*एसपी कार्यालय पहुंचा मामला*
अब युवती ने एसपी कटनी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि शादी के वादे के बाद भी युवक ने शादी नहीं की और शारीरिक संबंध बनाए। आवेदन में गर्भ गिराने और जानलेवा हमले की कोशिश का भी आरोप है। आवेदन पर एसपी कार्यालय की मुहर और 16/06/26 की तारीख लगी है।
*पुलिस कर रही जांच*
आवेदन में लगाए गए आरोपों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता BNS 69 शादी का झांसा देकर संबंध और BNS 109 जानलेवा हमले का प्रयास जैसी धाराओं में जांच की जा सकती है। पुलिस अब आवेदन के आधार पर तथ्यों की जांच कर रही है।
*नोट:* यह खबर युवती द्वारा 16 जून 2026 को एसपी कटनी को दिए गए लिखित आवेदन पर आधारित है। आवेदन में लगाए गए सभी आरोप अभी आरोप मात्र हैं। अनावेदक युवक का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। बड़वारा थाना प्रभारी के के पटेल ने विवाद सुलझाने की पहल की थी।




