टॉप न्यूज़मध्य प्रदेश

जनभावना की अनदेखी! कोरोना के बाद भी पुलिस लाइन में हो रहा राष्ट्रीय पर्व का आयोजन, फॉरेस्टर ग्राउंड की परंपरा बहाल करने की मांग

स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह फिर से फॉरेस्टर ग्राउंड में हो - समाजसेवी इंद्र मिश्रा ने कलेक्टर से की मांग

बच्चों और आम नागरिकों की सहभागिता घट रही” – फॉरेस्टर ग्राउंड में ही हो जिला स्तरीय समारोह: कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

 

कटनी। आज़ादी के बाद से चली आ रही परंपरा को पुनः बहाल करने की मांग उठी है। समाजसेवी इंद्र मिश्रा ने कलेक्टर को पत्र लिखकर स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को पुनः फॉरेस्टर प्लेग्राउंड, कटनी में आयोजित किए जाने की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि आजादी के बाद से कटनी जिले में राष्ट्रीय पर्वों के मुख्य समारोह फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में ही आयोजित होते रहे हैं। इन समारोहों में कटनी शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिक, विद्यार्थी, अभिभावक और सामाजिक संगठन बड़ी संख्या में शामिल होकर राष्ट्रीय पर्व की गरिमा बढ़ाते थे।

कोरोना काल में बदली थी व्यवस्था

कोरोना काल के दौरान इन कार्यक्रमों को फॉरेस्टर ग्राउंड से हटाकर पुलिस लाइन, कटनी में आयोजित किया जाने लगा। लेकिन परिस्थितियां सामान्य होने के बाद भी जिला प्रशासन द्वारा समारोह को वापस फॉरेस्टर ग्राउंड में शुरू नहीं किया गया है।

आम नागरिकों को हो रही परेशानी 

पत्र में उल्लेख है कि पुलिस लाइन में कार्यक्रम होने के कारण शहर के नागरिकों, छोटे स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को दूरी और आवागमन की असुविधा हो रही है। इससे राष्ट्रीय पर्व में अपेक्षित सहभागिता नहीं हो पा रही। जबकि फॉरेस्टर ग्राउंड शहर के मध्य में स्थित होने के कारण यहां बड़ी संख्या में लोग उत्साहपूर्वक शामिल होते थे।

इंद्र मिश्रा ने कहा कि फॉरेस्टर ग्राउंड में होने वाले समारोह से बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना का संचार होता था। पिछले कुछ वर्षों से सहभागिता कम होने से राष्ट्रीय पर्वों की गरिमा और जनभागीदारी प्रभावित हो रही है।

*ये की गईं मांगें*

1. स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुनः फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में आयोजित किया जाए।  

2. राष्ट्रीय पर्वों में आम नागरिकों, स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।  

3. फॉरेस्टर ग्राउंड में समारोह आयोजित करने की पुरानी परंपरा एवं जनभावनाओं को पुनः बहाल किया जाए।  

4. आगामी राष्ट्रीय पर्व से ही इस व्यवस्था को लागू किया जाए।

इस पत्र की प्रतिलिपि सांसद विष्णु दत्त शर्मा, प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह, विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, संदीप जायसवाल, प्रणय पांडे, धीरेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई है।

जय हिंद – भारत माता की जय के साथ पत्र का समापन किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!