क्राइममध्य प्रदेश

कटनी: बरही में फिर गांजे का खेल, छोटे मगरमच्छ पकड़े जा रहे, बड़े सप्लायर कब?

बरही पुलिस की कार्रवाई: घर में घुसने की कोशिश कर रहा था 70 वर्षीय गांजा तस्कर, नेटवर्क पर नहीं पड़ी नजर

“नशा मुक्ति के दावे कहां गए?” पिपरिया कला में पुलिस को मिला 22 हजार का गांजा, पुराना NDPS आरोपी धरा

 

कटनी। बरही थाना क्षेत्र में 2 किलो 258 ग्राम गांजा बरामद होने के बाद क्षेत्र में चल रहे नशा मुक्ति अभियान और पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

पुलिस ने ग्राम पिपरिया कला से 70 वर्षीय गिरधारी लाल पटेल पिता भीमसेन कुर्मी को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 22 हजार रुपये बताई जा रही है।

 

पुलिस को देखकर भागने लगा

जानकारी के अनुसार 16 अगस्त 2026 को बरही थाना पुलिस देहात भ्रमण पर थी। तभी मुख्य सड़क के पास एक व्यक्ति गुलाबी रंग का प्लास्टिक का थैला लेकर दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह थैला लेकर घर के अंदर जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली। तलाशी में थैले से 2.258 किलो गांजा मिला।

 

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गिरधारी लाल पटेल उम्र 70 वर्ष निवासी पिपरिया कला, थाना बरही के रूप में हुई।

 

पहले से है NDPS का रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना बरही में पहले से कई मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के मामले भी शामिल हैं। पुराने रिकॉर्ड के बावजूद दोबारा गांजा के साथ पकड़ा जाना पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े करता है।

 

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

 

अभियान पर उठे सवाल

इस कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि पुलिस की लगातार कार्रवाई और नशा मुक्ति अभियान के दावों के बावजूद बरही क्षेत्र में गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की उपलब्धता पर पूरी तरह लगाम क्यों नहीं लग पा रही है?

 

क्या कार्रवाई केवल छोटे स्तर के लोगों तक ही सीमित है? नशे का सामान बरही तक पहुंचाने वाले मुख्य सप्लायर और नेटवर्क तक पुलिस कब पहुंचेगी? नशे की बढ़ती उपलब्धता का असर सीधे युवाओं पर पड़ रहा है। यदि समय रहते सप्लाई पर रोक नहीं लगी तो आने वाली पीढ़ी पर इसका गंभीर सामाजिक असर पड़ेगा।

 

क्षेत्रवासियों की नजर अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर है।

 

कार्रवाई में शामिल: थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, उपनिरीक्षक विनोद कांत सिंह, उपनिरीक्षक अश्वनी यादव, प्रधान आरक्षक 449 नरेंद्र पटेल तथा प्रधान आरक्षक 317 रवि मोहन जाटव प्रजापति की विशेष भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!