प्रेमिका को iPhone दिलाने चुराया 4.5 लाख का ट्रैक्टर, 48 घंटे में पकड़ा चोर
50 हजार के मोबाइल के लिए बना ट्रैक्टर चोर, कुठला पुलिस ने मैहर से पकड़ा*

प्रेमिका को महंगा फोन दिलाने के चक्कर में 4.5 लाख का ट्रैक्टर चोरी, पुलिस ने दबोचा*
*कटनी.* प्रेमिका की महंगे मोबाइल की डिमांड पूरी करने के लिए 20 साल के युवक ने 4.5 लाख रुपये का ट्रैक्टर चोरी कर लिया। कुठला पुलिस ने 48 घंटे के अंदर आरोपी को सतना जिले से गिरफ्तार कर ट्रैक्टर बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी नवनीत गुप्ता निवासी कैलवारा फाटक ने 14 जुलाई की रात बताया कि पहरुआ कृषि यंत्र की दुकान के सामने खड़ा सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर क्रमांक MP34A1943 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। जिसकी कीमत करीब 4.5 लाख रुपये है।
रिपोर्ट पर थाना कुठला में अपराध क्रमांक 604/26 धारा 305(b) BNS का केस दर्ज किया गया। एसपी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश और ASP कमल मौर्य, CSP श्रीमती नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया ने टीम गठित की।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया। पूछताछ में आरोपी प्रिंस सिंह सोमवंशी उम्र 20 वर्ष निवासी समोघर थाना रामपुर बघेलान जिला सतना ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड ने 50 हजार रुपये का मोबाइल दिलाने की डिमांड की थी। उसी के लिए उसने ट्रैक्टर चुराकर मैहर में सोनालिका एजेंसी के पास बेचने का प्लान बनाया था।
पुलिस ने मैहर से ट्रैक्टर बरामद कर लिया। वाहन की पहचान मालिक ने की। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
*टीम*: इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रामाश्रय सिंह, अजय यादव, अजीत मिश्रा, आरक्षक विजय प्रजापति, मनोज सिंह की भूमिका रही।




