“कीड़े-मकोड़े समझती है भाजपा” – ओबीसी महासभा का एल्डरमैन सूची पर तीखा हमला*
भाजपा की सवर्ण राजनीति? कटनी निगम के एल्डरमैन में महिला और पिछड़ा वर्ग पूरी तरह आउट

कटनी नगर निगम में एल्डरमैन नियुक्ति पर बवाल: एक भी महिला-ओबीसी नहीं, ओबीसी महासभा ने की निंदा*
*कटनी।* नगर निगम कटनी में हाल ही में घोषित एल्डरमैन की सूची को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। ओबीसी महासभा ने सूची पर सवाल उठाते हुए भाजपा पर “महिलाओं और पिछड़े वर्ग की घोर उपेक्षा” का आरोप लगाया है।
ओबीसी महासभा के जिला अध्यक्ष डॉ. बी के पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि निगम की नई एल्डरमैन सूची में एक भी महिला और एक भी पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधि शामिल नहीं किया गया है।

डॉ. पटेल ने कहा, *”आखिर क्यों की जा रही है महिलाओं और पिछड़े वर्ग की उपेक्षा? क्या भाजपा के पास एक भी ओबीसी और महिला कार्यकर्ता नहीं है? यह साफ है कि भाजपा केवल सवर्ण हित की राजनीति करती है।”*
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा पिछड़े वर्ग के लोगों को धार्मिक रूप से गुलाम बनाकर उनका हक छीन रही है। कभी आरक्षण पर रोक, कभी 13 प्रतिशत होल्ड लगाकर नियुक्तियों पर रोक, और अब संवैधानिक पदों पर ओबीसी को दरकिनार किया जा रहा है।
*”भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन खुद सवर्ण हैं, इसलिए सवर्णों का समर्थन करते हैं। इनकी नजर में पिछड़े वर्ग के लोग कीड़े-मकोड़े की भांति हैं”*, डॉ. पटेल ने तीखा हमला बोला।

ओबीसी महासभा ने भाजपा द्वारा किए गए इस भेदभाव की कड़ी निंदा करते हुए मांग की है कि एल्डरमैन की नियुक्तियों पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए और महिलाओं एवं ओबीसी वर्ग को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए।
डॉ. पटेल ने ओबीसी कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे शीघ्र सचेत हों और अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आएं।




