सरकार को चेतावनी: ‘जेल में जगह देख ले सरकार, हम छात्रों का हक दिलाकर रहेंगे’
कटनी में NSUI का हल्ला, कहा- छात्रों से ऑनर्स की फीस, प्लेन की डिग्री

छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़: NSUI का सरकार पर हमला, कहा- ‘हवाई जहाज’ का पैसा लेकर ‘पैसेंजर’ की यात्रा करा रही सरकार
कटनी/भोपाल: मध्य प्रदेश के सरकारी और निजी कॉलेजों में छात्रों के साथ कथित तौर पर हुई धोखाधड़ी को लेकर NSUI (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। NSUI के प्रदेश सचिव अजय खटीक ने सरकार को खुली चेतावनी देते हुए कहा है कि छात्रों से ‘बीकॉम ऑनर्स’ के नाम पर मोटी फीस वसूली गई, लेकिन उन्हें थमाई जा रही है ‘बीकॉम प्लेन’ की डिग्री।

टिकट हवाई जहाज का, यात्रा पैसेंजर ट्रेन की
अजय खटीक ने सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा, “यह तो वही बात हुई कि छात्रों से टिकट का पैसा हवाई जहाज का लिया गया और उन्हें यात्रा पैसेंजर ट्रेन की कराई जा रही है। बीकॉम ऑनर्स और प्लेन की डिग्री में जमीन-आसमान का अंतर है, सरकार छात्रों के करियर के साथ खिलवाड़ बंद करे।”
NSUI की मुख्य मांगें:
जिन छात्रों से ऑनर्स की फीस ली गई है, उन्हें अनिवार्य रूप से ऑनर्स की ही डिग्री दी जाए।
यदि कॉलेज ऑनर्स की डिग्री देने में असमर्थ हैं, तो छात्रों की अतिरिक्त फीस तुरंत वापस की जाए।
‘जेल में जगह देख ले सरकार’
संगठन ने साफ किया है कि वे इस मुद्दे को लेकर कॉलेजों और सरकार को लगातार अवगत करा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अजय खटीक ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “आ रहे हैं हम, रोक सको तो रोक लो। यह सरकार सुन ले, तेरी जेल में कितनी जगह है, हमने देख लिया है और आगे भी देखेंगे। हम छात्रों को उनका हक दिलाकर ही दम लेंगे।”
इस चेतावनी के बाद छात्र राजनीति गरमा गई है और आने वाले दिनों में जिले के कॉलेजों में उग्र प्रदर्शन के आसार नजर आ रहे हैं।




