कटनी में ट्रक बिक्री के नाम पर ठगी – 1 लाख और ब्लैंक चेक हड़पकर वाहन छीना, थाने में नहीं हुई सुनवाई तो पीड़ित पहुंचा सीएम हेल्पलाइन
कुठला थाने के चक्कर काटकर थका पीड़ित - ट्रक डील में धोखा, 1 लाख नहीं लौटा रहा आरोपी, CM हेल्पलाइन में शिकायत

इकरारनामे के बाद भी ट्रक मालिक की मनमानी – वाहन जब्त, पैसा और चेक रखा, जान से मारने की धमकी का आरोप
कटनी/कुठला। ट्रक खरीदने के बाद ठगी और धमकी का मामला सामने आया है। तिलक वार्ड, पुरैनी, थाना कुठला निवासी विजय प्रकाश पटेल ने कैलबारा कला निवासी विजेन्द्र प्रताप सिंह पर 1 लाख रुपए, ब्लैंक चेक हड़पने और ट्रक जबरन वापस छीनने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार दोनों के बीच 07 अक्टूबर 2025 को 14 पहिया टाटा ट्रक (MP65H0229) को लेकर 100-100 रुपए के स्टाम्प पर नोटरी इकरारनामा हुआ था। पीड़ित का आरोप है कि उसने एडवांस राशि और तय किस्तें अदा कीं, बावजूद इसके अनावेदक ने वाहन अपने कब्जे में ले लिया।

पीड़ित ने बताया कि सौदे के समय सुरक्षा के तौर पर उससे 1 लाख रुपए नगद और एक हस्ताक्षरित खाली चेक लिया गया था। वाहन वापस लेने के बाद जब उसने अपना पैसा और चेक वापस मांगा तो पहले मां के निधन का हवाला देकर टाला गया और बाद में जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। उसे आशंका है कि आरोपी उसके चेक का दुरुपयोग कर सकता है।

इस संबंध में पीड़ित द्वारा 16 जून 2026 को थाना कुठला में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी कोई FIR दर्ज नहीं हुई और न ही कोई कार्रवाई हुई। थाने से निराश होकर पीड़ित ने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है, जिसका क्रमांक 40323796 है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, उसका पैसा और चेक वापस दिलाने तथा सुरक्षा की मांग की है।

अनावेदक का पक्ष: इस मामले में अनावेदक विजेन्द्र प्रताप सिंह से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।




