वीडियो: देखिए कन्हवारा में कजलिया मेले की हकीकत, गंदगी के बीच पूजा करने को मजबूर महिलाएं
कजलिया पर्व पर फीका पड़ा उत्साह - तालाब की दुर्दशा देख भड़के ग्रामीण

प्रशासन की अनदेखी से नाराज श्रद्धालु बोले – हर साल सिर्फ वादे, घाट की सफाई कभी नहीं
कन्हवारा / कटनी। कन्हवारा के प्राचीन शिव मंदिर के समीप तालाब पर लगा कजलिया मेला इस बार अव्यवस्थाओं का जमावड़ा बन गया है।

न तो घाट की साफ-सफाई करवाई गई, न ही आने-जाने के लिए रास्ता बनाया गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि तालाब में काई और झाड़-झंखाड़ भरा पड़ा है, घाट पर कीचड़ है और महिलाएं फिसलन भरे रास्ते से पूजा करने को मजबूर हैं।
कजलिया पर्व पर सैकड़ों महिलाएं तालाब पर कजलियां विसर्जित करने आती हैं। बड़ी संख्या में भीड़ होने के बावजूद पंचायत द्वारा न तो साफ-सफाई, न लाइट, न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए।

ग्रामीणों का कहना है कि हर साल सिर्फ मेले के नाम पर खानापूर्ति की जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई काम नहीं होता। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से घाट की सफाई और व्यवस्थित रास्ता बनाने की मांग की है।




