अमाड़ी-कांटी समिति में राशन दुकान की ‘विरासत’: पिता के बाद बेटा बना विक्रेता,बिना विज्ञापन गुप्त भर्ती ! बैकडोर एंट्री का आरोप
अमाड़ी-कांटी में राशन दुकान की अवैध नियुक्ति के खिलाफ लामबंद हुए ग्रामीण, निष्पक्ष जांच की मांग

बिना विज्ञापन, बगैर जानकारी: अमाड़ी-कांटी राशन दुकान में पिता के हटते ही बेटे की ‘गुप्त भर्ती’, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
*बड़वारा, विजयराघवगढ़, कटनी।* सरकारी नौकरी में पारदर्शिता और योग्यता को ताक पर रखकर मनमानी करने का एक और मामला सामने आया है। कटनी जिले के *बड़वारा विकासखंड* की *अमाड़ी-कांटी सहकारी समिति* की उचित मूल्य राशन दुकान में विक्रेता पद पर बिना विज्ञापन, बिना आवेदन के सीधे “बैकडोर भर्ती” कर दी गई। आरोप है कि हटने वाले विक्रेता ने अपने पद पर सीधे अपने बेटे को बैठा दिया।
*पिता हटे, बेटे को मिल गई ‘विरासत’*
ग्रामीणों के अनुसार, अमाड़ी-कांटी समिति में *रामकृष्ण गौतम* लंबे समय से विक्रेता थे। करीब 5 महीने पहले उनके पद छोड़ने के बाद शासकीय नियमों को दरकिनार करते हुए उनके पुत्र *निलेश उर्फ छोटू गौतम* को सीधे विक्रेता पद पर नियुक्त कर दिया गया।
नियम के अनुसार PDS दुकान में भर्ती के लिए मैरिट, खुली प्रतियोगिता और पारदर्शिता जरूरी है, लेकिन यहां पद को “पैतृक संपत्ति” की तरह बेटे को सौंप दिया गया।
*न विज्ञापन, न सूचना, न आवेदन का मौका*
मध्य प्रदेश PDS नियंत्रण आदेश के तहत रिक्त पद पर भर्ती के लिए अखबार में विज्ञापन या ग्राम पंचायत व समिति के नोटिस बोर्ड पर सूचना चस्पा करना अनिवार्य है।
लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि *अमाड़ी कांटी पंचायतों में कहीं कोई सूचना नहीं दी गई*। न अखबार में विज्ञापन निकला, न बेरोजगार युवाओं को आवेदन का मौका मिला। पूरी प्रक्रिया गुप्त रखकर चहेते को लाभ पहुंचाया गया।
ग्रामीणों में आक्रोश, जांच और नई नियुक्ति की मांग
इस फर्जी भर्ती की जानकारी लगते ही क्षेत्र में आक्रोश है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, सहकारिता विभाग और स्थानीय विधायक से मांग की है:
1. इस अवैध नियुक्ति को तत्काल निरस्त किया जाए
2. पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई हो
3. नया विज्ञापन निकालकर विधि सम्मत पारदर्शी प्रक्रिया से योग्य युवाओं की भर्ती हो
ग्रामीणों का कहना है कि हक मारकर की गई इस नियुक्ति से स्थानीय बेरोजगारों के साथ अन्याय हुआ है।ग्रामीणों ने कहा कि _”सरकारी पद किसी की जागीर नहीं है। अगर नियमों से खिलवाड़ हुआ है तो दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और योग्य उम्मीदवारों को मौका मिलना चाहिए।”_
*इनका कहना है*
वहीं जब इस गंभीर मामले में सहायक आयुक्त श्री कुरील से इस मामले के संज्ञान में होने की बात पूछी गई तो उन्होंने बोला आप संबंधित की जानकारी मुझे व्हाट्सएप कर दीजिए। में दिखवाता हु।
राजयश वर्धन कुरील सहायक आयुक्त
सहकारिता विभाग कटनी




