जब कथा वाचिका आईं तो बरसात भी बरस पड़ी” कन्हवारा में श्री राम कथा का तीसरा दिन भक्तिमय
कन्हवारा: शिव विवाह और राम अवतार की कथा सुन सैकड़ों भक्त हुए भावविभोर, मंदिर समिति ने की जन्मोत्सव की तैयारी

कन्हवारा: तृतीय दिवस पर पूज्य प्रिया किशोरी जी ने सुनाया शिव-पार्वती विवाह प्रसंग, भक्तों ने किया कथा का रसपान
कटनी। कन्हवारा प्राचीन गौरी शंकर मंदिर, कन्हवारा में आयोजित अति भव्य श्री राम कथा के तृतीय दिवस पर भक्तों को अद्भुत दिव्य रस मिला। वृंदावन धाम से पधारी कथा वाचिका पूज्य प्रिया किशोरी जी ने मंगलवार को शिव-पार्वती विवाह और *श्री राम जी के धरती पर अवतार के कारकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

पूज्य प्रिया किशोरी जी ने बताया कि कैसे भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह सृष्टि के कल्याण के लिए हुआ और किस प्रकार प्रभु श्री राम का अवतार धर्म की स्थापना और अधर्म के नाश के लिए हुआ। कथा प्रसंग को भक्तों ने बड़े ध्यानपूर्वक सुना। हर प्रसंग पर “जय श्री राम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से पंडाल गूंज उठा।
बरसात में भी उमड़ी भीड़
कथा के इस शुभ अवसर पर मंदिर समिति ने श्री राम जन्मोत्सव की भव्य तैयारियां की थीं। मंच को फूलों, झालरों और रंगीन लाइटों से सजाया गया था। तेज बरसात के बावजूद सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पूज्य प्रिया किशोरी जी के मुखारविंद से कथा का रसपान करने पहुंचे।
किशोरी जी के आने से बदला मौसम
उल्लेखनीय है कि कटनी जिले में सूखे के आसार थे। लेकिन जब से पूज्य प्रिया किशोरी जी वृंदावन से जिले की धरा पर पधारी हैं, तब से भारी बरसात का दौर जारी है। भक्त इसे प्रभु की कृपा और कथा का प्रभाव मान रहे हैं।

कथा में सैकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी।
शेष कार्यक्रम:
श्री राम कथा: 23 अगस्त तक, शाम 4:00 से 7:00 बजे
पार्थिव शिवलिंग निर्माण: 20 से 24 अगस्त
महाप्रसाद एवं भंडारा: 24 अगस्त, दोपहर 1:00 बजे
स्थान: प्राचीन गौरी शंकर मंदिर, कन्हवारा




