कटनी- निगम ठेकेदार ने खुद कबूला – 6 लाख कमीशन दे चुका हूं, सब इंजीनियर अब मांग रहा 5 लाख और, निगमायुक्त से जांच की मांग
नगर निगम में कमीशनखोरी का सनसनीखेज आरोप - ठेकेदार चंद्रेश शुक्ला ने सब इंजीनियर पवन श्रीवास्तव पर लगाए गंभीर आरोप

नगर निगम में कमीशनखोरी का आरोप – ठेकेदार ने सब इंजीनियर पर 6 लाख से ज्यादा कमीशन लेने का लगाया आरोप, ब्याज और धमकी का भी आरोप, निगमायुक्त से जांच की मांग
*कटनी।* नगर निगम कटनी में पदस्थ एक सब इंजीनियर पर एक ठेकेदार ने कमीशनखोरी और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। मामला नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रहा है।
पीड़ित ठेकेदार *चंद्रेश शुक्ला* ने बताया कि वह नगर निगम कटनी के *सब इंजीनियर पवन श्रीवास्तव* को लंबे समय से कमीशन देता आ रहा है। ठेकेदार का आरोप है कि उसने अब तक 6 लाख से ज्यादा रुपये से अधिक की राशि कमीशन के रूप में दी है।
ठेकेदार चंद्रेश शुक्ला का आरोप है कि जब उसने आगे कमीशन देने से मना किया, तो इंजीनियर द्वारा उससे 5 लाख रुपए और, साथ ही ब्याज के रूप में हजारों रुपये की मांग की गई। न देने पर उसके साथ अभद्रता और धमकी भरा व्यवहार किया गया। ब्याज पर ब्याज देते हुए वह मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित हो गया।
इसी प्रताड़ना से आहत होकर ठेकेदार ने अपनी आपबीती बताई, जिसका वीडियो भी सामने आया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ठेकेदार ने खुद कमीशन देने की बात को स्वीकार किया है, जो अपने आप में बड़ा सवाल है।
ठेकेदार चंद्रेश शुक्ला ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए *नगर निगम आयुक्त, कटनी* से निवेदन किया है।
फिलहाल इस मामले में जिन सब इंजीनियर पवन श्रीवास्तव पर आरोप लगे हैं, उनका पक्ष अभी सामने नहीं आया है। पक्ष आते ही खबर में अपडेट किया जाएगा।
हालांकि ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोप सही हैं या गलत, इसकी पुष्टि तो जांच के बाद ही होगी, लेकिन इस तरह के गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच नितांत आवश्यक है।
> *नोट – यह खबर ठेकेदार चंद्रेश शुक्ला के आरोपों के आधार पर है। सब इंजीनियर पवन श्रीवास्तव पर लगे आरोपों की पुष्टि निडर आवाज न्यूज नहीं करता। उनका पक्ष प्राप्त होते ही खबर में जोड़ा जाएगा।




