प्लॉट विवाद में जानलेवा हमला करने वाला अरमान उर्फ निशु सलाखों के पीछे, कटनी पुलिस ने की गिरफ्तारी*
एसपी अभिनव विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में माधवनगर पुलिस की सफलता, पूछताछ जारी

कटनी पुलिस को बड़ी सफलता – हत्या के प्रयास एवं बलवा के प्रकरण में फरार आदतन अपराधी गिरफ्तार
कटनी. पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनव विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य, नगर पुलिस अधीक्षक सुश्री नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे के नेतृत्व में थाना माधवनगर पुलिस को हत्या के प्रयास एवं बलवा के गंभीर प्रकरण में एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
दिनांक 05.07.2026 को फरियादी मुकेश कुमार गुप्ता निवासी बाल गंगाधर तिलक वार्ड, पन्ना मोड़ द्वारा थाना कुठला में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि काली माता मंदिर के सामने स्थित उसके स्वामित्व एवं कब्जे वाले प्लॉट पर कुछ व्यक्तियों द्वारा जेसीबी से बाउंड्रीवाल तोड़ी जा रही थी। विरोध करने पर आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर फरियादी, उसके भाई एवं चालक के साथ लाठी-डंडों एवं अन्य घातक हथियारों से मारपीट की। इसी दौरान आरोपी आरमान उर्फ निशु द्विवेदी ने फरियादी के भाई पर रिवॉल्वर तानकर फायर करने का प्रयास किया, जो मिसफायर हो गया। आरोपियों ने वाहन में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी भी दी।
उक्त घटना पर थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 606/2026 अंतर्गत धारा 191(2), 191(3), 296(बी), 115(2), 351(2), 119(2), 109(1), 324(4),61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान फरार चल रहे आदतन अपराधी अरमान उर्फ निशु द्विवेदी, पिता अरुण द्विवेदी, उम्र 30 वर्ष, निवासी पन्ना मोड़, सत्संग नगर, थाना कुठला, जिला कटनी की लगातार तलाश की जा रही थी। मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर थाना माधवनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी से पूछताछ की जा रही है । प्रकरण के अन्य फरार आरोपियों की तलाश एवं वैधानिक कार्यवाही जारी है।
कटनी पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।




